राजशेखर रेड्डी ने हाल ही में आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को दूसरी बार जीत दिलवाई थी
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री राजशेखर रेड्डी की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई है. कल से ही उनका हेलिकॉप्टर लापता था.
गुरुवार को सुबह तलाशी अभियान में लगी वायु सेना को दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर का मलबा मिला.
इस दुर्घटना में मुख्यमंत्री राजशेखर रेड्डी के अलावा उनके प्रधान सचिव पी सुब्रह्मण्यम, मुख्य सुरक्षा अधिकारी एएससी जॉन वेस्ली, मुख्य पायलट एसके भाटिया और सहायक पायलट एमएस रेड्डी की भी मौत हुई है.
अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके गृहग्राम में किया जाएगा. अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कई राज्यों के राज्यपालों और कई केंद्रीय मंत्रियों के पहुँचने की संभावना है.
गुरुवार की शाम राज्य मंत्रिमंडल की बैठक होने जा रही है जिसमें राजशेखर रेड्डी के उत्तराधिकारी के बारे में कोई फ़ैसला लिए जाने की संभावना है.
अंतिम संस्कार कल
बीबीसी के हैदराबाद संवाददाता उमर फ़ारुक़ के अनुसार राजशेखर रेड्डी और अन्य लोगों के शवों को करनूल ज़िला अस्पताल ले जाया गया है जहाँ पोस्टमॉर्टम किया गया है.
मुख्यमंत्री राजशेखर रेड्डी की मौत से हम गहरे सदमे हैं. ये बहुत बड़ा नुक़सान है. हम मुख्यमंत्री और दुर्घटना में मारे गए अन्य लोगों के परिजनों के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हैं
पी चिदंबरम, केंद्रीय गृहमंत्री
पोस्टमॉर्टम के बाद राजशेखर रेड्डी का शव हैदराबाद ले जाया जा रहा है.
शुक्रवार को सुबह राजशेखर रेड्डी का शव लाल बहादुर स्टेडियम में आमलोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा.
शाम को शव कड़प्पा ज़िले के पुलिवेंदुला ले जाया जाएगा, जो उनका पैतृक गाँव है.
वे यहीं से विधानसभा का चुनाव भी लड़ते आए हैं.
वहाँ ईसाई धर्म के रस्मो रिवाज़ के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
वहाँ कई महत्वपूर्ण व्यक्तियों के उपस्थित रहने की संभावना है.
शोक का माहौल
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी हैदराबाद जाने वाले हैं.
वे राजशेखर रेड्डी के परिजनों से मुलाक़ात करेंगे.
गृह मंत्री पी चिदंबरम ने नई दिल्ली में पत्रकारों से कहा, "मुख्यमंत्री राजशेखर रेड्डी की मौत से हम गहरे सदमे हैं. ये बहुत बड़ा नुक़सान है. हम मुख्यमंत्री और दुर्घटना में मारे गए अन्य लोगों के परिजनों के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हैं."
राजशेखर रेड्डी की मौत की ख़बर आने के बाद दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय में मातम का माहौल है.
हैदराबाद में मुख्यमंत्री आवास के बाहर सैकड़ों लोग इक़ट्ठा हैं और माहौल काफ़ी ग़मगीन है.
कई लोग फूट-फूट कर रो रहे हैं तो कई लोगों को अब भी भरोसा नहीं कि उनके मुख्यमंत्री अब इस दुनिया में नहीं रहे.
बुधवार से ही राजधानी हैदराबाद के अलावा प्रदेश के कई इलाक़ों में राजशेखर रेड्डी की कुशलता के लिए पूजा की जा रही थी.
हादसा
इसी हेलिकॉप्टर से रवाना हुए थे राजशेखर रेड्डी
बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे राजशेखर रेड्डी हैदराबाद से चित्तूर जाने के लिए रवाना हुए थे.
राज्य सरकार की ओर से दी गई सूचना के अनुसार सुबह 9.35 बजे हेलिकॉप्टर का रेडियो संपर्क टूट गया था.
बुधवार को ही हेलिकॉप्टर की तलाशी के लिए व्यापक अभियान शुरु कर दिया गया था और केंद्र सरकार के निर्देश पर रात में भी खोज जारी रही.
गुरुवार सुबह से ही इस हेलिकॉप्टर की तलाशी के लिए एक बार व्यापक अभियान शुरू किया गया था.
इस काम में पाँच हेलिकॉप्टरों और तीन विमानों को लगाया गया साथ ही ज़मीनी अभियान भी शुरू किया गया था, जिसमें 2000 कमांडो लगाए गए थे.
वायु सेना को इसमें सफलता मिली जब कुरनूल के पूरब आत्माकुर के नज़दीक एक पहाड़ी की चोटी पर हेलिकॉप्टर को देखा गया. लेकिन दुर्गम इलाक़ा होने के कारण सेना के हेलिकॉप्टरों को उतरने में परेशानी हुई.
बाद में दुर्घटनास्थल पर पैरा कमांडो को उतारा गया. जिस दुर्गम इलाक़े में हेलिकॉप्टर का मलबा मिला है, वो नल्लामल्ला पर्वत श्रेणी में आता है.
केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम ने दिल्ली में बताया कि अभी यह बता पाना संभव नहीं है कि दुर्घटना किस वजह से हुई.
लेकिन केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री पल्लम राजू ने कहा है कि ख़राब मौसम दुर्घटना की वजह हो सकती है.
संवाददाताओं का कहना है कि हेलिकॉप्टर में आग लग गई थी और सभी मृतकों के शव बुरी तरह से जले हुए पाए गए हैं.
राजनीतिक गतिविधियाँ
हाल ही में दूसरी बार राज्य में कांग्रेस की सरकार स्थापित करने वाले राजशेखर रेड्डी के असामयिक निधन ने राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है.
कांग्रेस ने अपने सबसे योग्य मुख्यमंत्रियों में से एक को खो दिया है.
उनके निधन की ख़बर आने के बाद नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई है.
राज्य में कांग्रेस के प्रभारी महासचिव वीरप्पा मोइली हैदराबाद पहुँच गए हैं और गुरुवार की शाम को वहाँ राज्य मंत्रिमंडल की बैठक हो रही है जहाँ राजशेखर रेड्डी के उत्तराधिकार के विषय में चर्चा हो सकती है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि बहुत संभावना है कि वरिष्ठ नेता और राज्य के वित्तमंत्री के रोशैया को राज्य की कमान सौंपी जा सकती है.

